रायपुर। मदर्स डे के अवसर पर रायपुर महिला जेल की बंदिनियों को बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की घोषणा के अनुरूप जेल प्रशासन ने महिला बंदिनियों के लिए प्रिजन इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम की शुरुआत की है।
जेल विभाग और बीएसएनएल के बीच हुए अनुबंध के तहत स्थापित इस सुविधा के माध्यम से अब महिला बंदिनियां अपने परिजनों और अधिवक्ताओं से वीडियो कॉल के जरिए सीधे संवाद कर सकेंगी। इससे बंदिनियों को मानसिक संबल मिलने के साथ ही कानूनी मामलों में भी सहायता मिलेगी।
इसी अवसर पर ‘निश्चय’ कार्यक्रम के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसे उनके पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वहीं, जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे 14 बच्चों को विशेष उपहार वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और कार्यक्रम की उत्साहपूर्ण गतिविधियों से जेल परिसर का माहौल भावुक और उत्सवमय नजर आया।



