बिलासपुर। वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई शादी एक युवती के लिए दर्दनाक साबित हुई। राजस्थान स्थित ससुराल में विवाहिता को कथित तौर पर जेठ की प्रताड़ना और दुष्कर्म का शिकार होना पड़ा। हालात इतने बिगड़े कि बाद में उसके पति ने आत्महत्या कर ली।
यह भी पढ़े :- CG Local Body Election : छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत चुनाव का ऐलान…! लागू हुई आचार संहिता…जानिए पूरा शेड्यूल
अब पीड़िता की शिकायत पर बिलासपुर महिला थाना पुलिस ने आरोपी जेठ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वैवाहिक वेबसाइट से हुई थी पहचान
महिला थाना पुलिस के अनुसार, बिलासपुर निवासी युवती की पहचान वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से राजस्थान के एक युवक से हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति के बाद करीब एक वर्ष पूर्व उज्जैन में दोनों का विवाह हुआ। शादी के बाद युवती अपने ससुराल राजस्थान चली गई।
ससुराल पहुंचते ही सामने आई सच्चाई
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ससुराल पहुंचने के बाद उसे परिवार की वास्तविक स्थिति का पता चला। उसका आरोप है कि जेठ ने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। वहीं उसके पति के खिलाफ भी कथित तौर पर धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज थे।
पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद से ही जेठ उस पर गलत नजर रखता था। आरोप है कि एक दिन मौका पाकर उसने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। जब उसने घटना की जानकारी अपने पति को दी, तो पति ने परिवार और समाज की बदनामी का हवाला देकर उसे चुप रहने के लिए कहा।
प्रताड़ना से परेशान होकर मायके लौटी
महिला का आरोप है कि घटना के बाद भी जेठ द्वारा लगातार प्रताड़ना और शोषण किया जाता रहा। भय और मानसिक दबाव के चलते वह 25 अप्रैल को ससुराल छोड़कर मोबाइल बंद कर किसी तरह बिलासपुर स्थित अपने मायके पहुंची।
इसके बाद 26 अप्रैल को उसके पति ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं 28 अप्रैल को विवाहिता के परिजनों को सूचना मिली कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है। इस खबर के बाद पीड़िता गहरे सदमे में चली गई।
महिला थाने में दर्ज हुई शिकायत
कुछ दिन तक मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ रहने के बाद पीड़िता बिलासपुर महिला थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी जेठ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
महिला थाना पुलिस के अनुसार, घटना राजस्थान क्षेत्र से संबंधित है, इसलिए फिलहाल “शून्य पर अपराध” दर्ज कर केस संबंधित थाना क्षेत्र को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।



