कोलकाता : सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
यह भी पढ़े :- क्या बेटी दे सकती है मुखाग्नि? गरुड़ पुराण में जानें अंतिम संस्कार के नियम
मध्यमग्राम में हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, घटना कोलकाता के मध्यमग्राम इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ कार से अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
हमले में कार के आगे के हिस्से पर कई गोलियां लगीं, जिससे शीशा टूट गया। चंद्रनाथ रथ आगे की सीट पर बैठे थे। बीजेपी का दावा है कि उन्हें सीने में तीन गोलियां लगीं, जिसके कारण अत्यधिक खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक अन्य व्यक्ति घायल
घटना में कार चला रहा एक अन्य व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मध्यमग्राम क्रॉसिंग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और गोलियों से छलनी कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल हमलावरों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में कई इलाकों से हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है।



