बीजापुर। जिला मुख्यालय में प्रशासन ने अवैध मिट्टी और मुरुम उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी, दो टिप्पर और एक चैन माउंटिंग मशीन को जब्त किया है। यह कार्रवाई वेंकटराव कॉलेज के पीछे चल रहे अवैध खनन स्थल पर की गई।
यह भी पढ़े :- पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: जीजा ने दो सालियों पर चलाई गोली, एक की मौत, दूसरी गंभीर
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार द्वारा लंबे समय से बिना किसी अनुमति के धड़ल्ले से मिट्टी और मुरुम की खुदाई की जा रही थी। हैरानी की बात यह रही कि यह अवैध गतिविधि कलेक्टर कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर चल रही थी, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
मामले की जानकारी मीडिया के जरिए सामने आने के बाद खनिज विभाग और राजस्व टीम मौके पर पहुंची और तत्काल उत्खनन कार्य बंद कराया। इसके बाद सभी मशीनों को जब्त कर लिया गया।
जिले में इस तरह के अवैध उत्खनन के कई और मामले भी सामने आ रहे हैं, जिससे प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर खुलेआम अवैध खुदाई जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई में ढिलाई बरत रहे हैं।
इस मामले पर बीजापुर एसडीएम जागेश्वर कौशल ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई और अवैध कार्य को रोककर मशीनें जब्त की गई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



