रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पश्चिम बंगाल दौरे से लौटने के बाद कई अहम मुद्दों पर बयान दिया है। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ, पद्मश्री सम्मानित महिला के अपहरण मामले और केंद्रीय गृहमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सरकार की तैयारी स्पष्ट की।
यह भी पढ़े :- पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: जीजा ने दो सालियों पर चलाई गोली, एक की मौत, दूसरी गंभीर
घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठिए मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल के रास्ते देश में प्रवेश करते हैं। पहले वहां की सरकार द्वारा केंद्र एजेंसियों को जरूरी सहयोग नहीं दिया गया, लेकिन अब इस दिशा में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे देश में अवैध घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता खुद बदलाव चाहती है और सत्तारूढ़ नेतृत्व से नाराज है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न राज्यों के कार्यकर्ताओं ने मिलकर चुनाव में काफी मेहनत की है।
पद्मश्री फूलबासन यादव के कथित अपहरण मामले पर उपमुख्यमंत्री ने बताया कि एक महिला ने उन्हें सेल्फी लेने के बहाने बुलाया और फिर गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया। मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की बात कही गई है। उन्होंने पुलिस की तत्परता की भी सराहना की।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 19 मई को छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यह बैठक जगदलपुर में होने वाली महत्वपूर्ण अंतर-राज्यीय परिषद बैठक की तैयारियों को लेकर है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।



