बिलासपुर। शहर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चलती स्कूटी पर युवाओं की खतरनाक हरकतें नजर आ रही हैं। वीडियो में स्कूटी पर सवार युवक-युवती ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
यह भी पढ़े :- क्या सच में खत्म होने वाला है कलियुग? विष्णु पुराण की भविष्यवाणी ने बढ़ाई चर्चा
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो बिलासपुर-रतनपुर रोड का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो में एक स्कूटी पर तीन युवक-युवती सवार नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक स्कूटी चला रहा है, जबकि पीछे बैठे युवक और युवती चलती गाड़ी पर आपत्तिजनक ढंग से बैठे दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान सड़क पर लापरवाही भरी हरकतें भी की जा रही हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि स्कूटी पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहन रखा है। साथ ही तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना भी मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है। इस तरह की लापरवाही न केवल उनके लिए, बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी चूक बड़ा हादसा करा सकती थी, लेकिन वीडियो में दिख रहे युवाओं को इसकी कोई परवाह नहीं दिखी।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, लोगों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।



