भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 3 साल की मासूम को चॉकलेट का लालच देकर एक युवक सुनसान इलाके में ले गया। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और समय रहते हस्तक्षेप से बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़े :- 33 साल बाद `खलनायक` बनकर लौटे संजय, लंबे बाल-दाढ़ी में दिखा इंटेंस लुक
पुलिस के अनुसार, घटना भिलाई-3 थाना क्षेत्र के पुरैना इलाके की है। शनिवार शाम करीब 5 बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी एक युवक उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्ची के नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने युवक को बच्ची के साथ संदिग्ध हालत में जाते देखा और उसका पीछा किया। पुरैना के पास स्थित एनएसपीसीएल ग्राउंड के नजदीक बच्ची को बरामद किया गया, जहां उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे दुष्कर्म की कोशिश का मामला बताया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बच्ची सुरक्षित है और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।



