मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त (Sanjay Dutt) एक बार फिर अपने चर्चित किरदार ‘बल्लू’ के अंदाज में वापसी करने जा रहे हैं। 1993 में रिलीज हुई फिल्म Khalnayak के 33 साल बाद अब ‘खलनायक रिटर्न्स’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म से संजय दत्त का फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
यह भी पढ़े :- मृत्यु के बाद मिलता है कर्मों का फल, गरुड़ पुराण में नरक की सजा का वर्णन
जारी वीडियो में संजय दत्त लंबे बाल और बढ़ी हुई दाढ़ी में बेहद इंटेंस और खौफनाक अवतार में नजर आ रहे हैं। लाशों के बीच उनका एंट्री सीन फिल्म के टोन को दर्शाता है, जिसमें उनका पुराना डायलॉग “नायक नहीं, खलनायक हूं मैं” फिर से सुनाई देता है। इस लुक ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
संजय दत्त ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का ऐलान करते हुए लिखा, “कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं… वो दोबारा शुरू होती हैं।” हालांकि, फिल्म की कास्ट और रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि मूल फिल्म का निर्देशन Subhash Ghai ने किया था, जिसमें संजय दत्त के साथ Madhuri Dixit और Jackie Shroff मुख्य भूमिकाओं में थे। ‘खलनायक’ ने उस दौर में एंटी-हीरो की छवि को नई पहचान दी थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी।
फिल्म की कहानी एक खतरनाक अपराधी ‘बल्लू’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पुलिस हिरासत से फरार हो जाता है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस अधिकारी और उसकी मंगेतर अंडरकवर ऑपरेशन के जरिए उसके करीब पहुंचते हैं। कहानी में अपराध, भावनाओं और मोचन (रिडेम्पशन) का अनोखा मेल देखने को मिलता है।
अब ‘खलनायक रिटर्न्स’ के जरिए दर्शकों को एक बार फिर उसी दमदार और रोमांचक दुनिया में ले जाने की तैयारी है।



