बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गईं, जिसमें एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्कूल के लिए स्कूटी से निकली थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल शिक्षिका को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बसंतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रक जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।



