बिलासपुर। शेयर ट्रेडिंग में हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर 96 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस ठगी को अंजाम देने वाले पति-पत्नी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सरकंडा स्थित बुधिया एनक्लेव निवासी शिल्पा श्रीवास्तव की पहचान किटी पार्टी के दौरान वर्ष 2024 में सोनाली सरकार से हुई थी। सोनाली ने खुद को स्टॉक ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट कंपनी की संचालिका बताते हुए हर महीने 10% मुनाफे का झांसा दिया।
लालच में आकर श्रीवास्तव दंपती ने 2024 से 2025 के बीच करीब 91 लाख रुपये ऑनलाइन और नकद निवेश कर दिए। शुरुआत में कुछ मुनाफा मिलने पर उन्होंने और रकम निवेश कर दी। यहां तक कि पीड़िता ने घर और सोने के जेवर तक गिरवी रखकर पैसा लगाया।
कुछ समय बाद मुनाफा मिलना बंद हो गया, जिसके बाद जब पीड़ित दंपती आरोपियों के दफ्तर पहुंचे तो वे वहां से गायब मिले। इसी तरह अमरैया चौक निवासी अनुराग सिंह से भी 5 लाख रुपये की ठगी की गई।



