लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले के मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत अमाड़ पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को नेशनल हाईवे-130C पर चक्काजाम कर दिया। पुलिया निर्माण और वैकल्पिक मार्ग की मांग को लेकर ग्रामीण जुगाड़ के पास सड़क पर बैठ गए और अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यह भी पढ़े :- बार में खूनी हमला: बीयर बोतल से फोड़ा सिर, आरोपी अब तक फरार
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्कूली बच्चे शामिल हैं, जो हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण के नाम पर पुराने रपटे को तोड़ दिया गया है, जिससे आने वाले मानसून में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने प्रशासन से बारिश से पहले मार्ग को कम से कम आवागमन लायक बनाने की मांग की थी, ताकि रोजमर्रा के कामकाज और स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे पहले 30 मार्च को भी ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी समस्या रख चुके हैं।
जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम और लोकेश्वरी नेताम ने प्रशासन पर आदिवासी क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बरसात के दौरान स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
अधर में लटका पुल निर्माण
जानकारी के अनुसार, अमाड़ को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाले मार्ग पर पट्टाबहाल नाले पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए वर्ष 2024 में 1.49 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। इस कार्य की जिम्मेदारी पीएमजीएसवाई विभाग को दी गई थी, जबकि निर्माण का ठेका एमएस नमन कंस्ट्रक्शन को मिला।
ठेका कंपनी ने फरवरी में काम शुरू करते हुए पुराने रपटे को तोड़ दिया और नींव की खुदाई भी की, लेकिन फिलहाल वहां केवल कच्ची मिट्टी और रेत से अस्थायी रास्ता बनाया गया है, जो हल्की बारिश में बह सकता है।
एनओसी के कारण रुका काम
उदंती अभ्यारण्य प्रशासन द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। प्रशासनिक समन्वय के अभाव में काम अधूरा रह गया, जिसका खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
यातायात प्रभावित
चक्काजाम के चलते नेशनल हाईवे-130C पर यातायात बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, प्रदर्शन जारी रहेगा।



