रायपुर । भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, परिसीमन और नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर कांग्रेस और टीएमसी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने लोकसभा में षड्यंत्रपूर्वक” नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावित किया और इसे पास नहीं होने दिया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में 45 डिग्री पहुंचा पारा, रायपुर, बिलासपुर समेत इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल
चंद्राकर ने कहा कि इस महत्वपूर्ण विधेयक को रोकने से पूरे देश की महिलाओं में आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और टीएमसी ने मिलकर इस बिल को रोकने का काम किया। अजय चंद्राकर ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब इस मुद्दे पर जनजागरण अभियान चला रही है और इसे गांव-गांव तक पहुंचाएगी, ताकि जनता को असली सच्चाई पता चल सके।
परिसीमन पर भी विपक्ष पर निशाना
परिसीमन के मुद्दे पर चंद्राकर ने कहा कि जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए परिसीमन एक आवश्यक प्रक्रिया है, लेकिन विपक्ष इस पर भी राजनीति कर रहा है और बेवजह विवाद खड़ा कर रहा है।
नक्सलवाद पर बड़ा बयान
नक्सलवाद को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि 31 मार्च 2026 देश के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ समेत देश में नक्सलवाद की जड़ें कांग्रेस शासनकाल की गलत नीतियों से जुड़ी हैं। “शोषण आधारित विकास मॉडल” के कारण स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ा, जिससे नक्सलवाद को बढ़ावा मिला।



