रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर आईपीएल का रोमांच लौटने जा रहा है। 10 और 13 मई को Royal Challengers Bengaluru (RCB) के दो मुकाबले यहां खेले जाएंगे। 10 मई को Mumbai Indians और 13 मई को Kolkata Knight Riders के खिलाफ मैच निर्धारित हैं। इन मुकाबलों को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने स्टेडियम में ग्राउंड मेंटेनेंस, रंग-रोगन और दर्शक सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, फ्रेंचाइजी के अधिकारी लगातार रायपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
दर्शक अनुभव बेहतर बनाने पर जोर
इस बार दर्शकों को बेहतर अनुभव देने पर खास फोकस किया गया है। वीआईपी सिटिंग की संख्या बढ़ाई जा रही है, जबकि गोल्ड और प्लेटिनम कैटेगरी में अधिक आरामदायक बैठने की व्यवस्था के लिए स्ट्रक्चर में बदलाव किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को बाहरी एजेंसी ने स्टेडियम का निरीक्षण भी किया।
पीच में बदलाव नहीं, गुणवत्ता बरकरार
आईपीएल आयोजन की जिम्मेदारी फ्रेंचाइजी के पास है, जबकि स्टेडियम और पिच का प्रबंधन क्रिकेट संघ संभाल रहा है। जानकारों के अनुसार रायपुर की पिच पहले से ही मैचों के लिए उपयुक्त है, इसलिए केवल हल्का मेंटेनेंस किया जा रहा है। हाल ही में हुए टी20 और वनडे मुकाबलों के कारण ग्राउंड पहले से तैयार स्थिति में है।
टिकट और सिटिंग व्यवस्था पर काम जारी
मैचों को लेकर टिकट और बैठने की व्यवस्था पर तेजी से काम किया जा रहा है। गोल्ड और प्लेटिनम कैटेगरी की सीटिंग अपग्रेड की जा रही है। संभावना है कि अगले सप्ताह तक टिकट दर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की घोषणा कर दी जाएगी। शुरुआती संकेतों के अनुसार टिकट की कीमत 2500 से 3500 रुपये के बीच रह सकती है और टिकट आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जारी किए जाएंगे।



