रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र के सेजबहार में देर रात हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत 3 नाबालिगों सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, चाकू और डंडा बरामद किया गया है।
यह भी पढ़े :- नशीली टेबलेट-कैप्सूल की बिक्री करते दो आरोपी गिरफ्तार, 870 अल्प्राजोलम बरामद
बता दे कि घटना 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। प्रार्थी भूषण साहू अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ भाठागांव से मुजगहन की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास पीछे से दो बाइकों में सवार 5 युवकों ने रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने मोटरसाइकिल गिराकर चाबी निकाल ली और डंडे से प्रार्थी व उसके साथी पर हमला किया। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। बीच-बचाव करने आई दोनों भांजियों के साथ मारपीट कर उनसे छेड़छाड़ की गई और खींचकर ले जाने की कोशिश की गई, जिससे उनके कपड़े फट गए। आरोपियों ने गले की चैन, ताबीज, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
जांच और कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में मुजगहन थाना, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी चेतन नामदेव को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया। इसके बाद आरोपी नितिन ध्रुव सहित 3 नाबालिगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी और अपराध
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल (CG 04 NC 5218, CG 04 PM 0892), 2 मोबाइल फोन, चाकू, डंडा और लूट का सामान जब्त किया है। सभी के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 76/26 के तहत धारा 310(2), 74 बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले भी रह चुके हैं आरोपी
मुख्य आरोपी चेतन नामदेव और एक नाबालिग पूर्व में भी चोरी के मामलों में थाना विधानसभा और गुढ़ियारी में गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



