जगदलपुर। बस्तर पुलिस द्वारा नशे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध रूप से नशीली टेबलेट और कैप्सूल बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
यह भी पढ़े :- एमएमएस वायरल मामले में फिर तेज हुई जांच, विधायक देवेंद्र यादव ने दिया सैंपल
पुलिस को सूचना मिली थी कि सन सिटी अटल आवास रोड किनारे दो युवक मोटरसाइकिल में नशीली दवाइयों के साथ ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
घेराबंदी कर पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आशीष जार्ज (23 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा मां भवानी चौक, जगदलपुर और डीगेश्वर देवदास उर्फ शूटर (22 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा, अब्दुल कलाम वार्ड-40, शंकर मंदिर गली, थाना बोधघाट बताया।
तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित अल्प्राजोलम की 870 नशीली टेबलेट बरामद की गई। आरोपियों के पास दवाइयों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला और उन्होंने बिक्री के उद्देश्य से इन्हें रखना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज कर नशीली दवाओं को जब्त किया और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय जगदलपुर में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।



