रायपुर। राजधानी में भीड़भाड़ वाले इलाकों में सोने की चैन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 7 महिलाओं और 1 पुरुष सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़े :- ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी सिम रैकेट का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार, 300 से ज्यादा सिम की जानकारी मिली
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लग्जरी इनोवा कार से अलग-अलग राज्यों में घूमकर चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में वारदातें कर चुके हैं।
भीड़भाड़ में बनाते थे निशाना
गिरोह के सदस्य बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों में लोगों को टारगेट करते थे। रायपुर में इन्होंने एक दर्जन से अधिक चैन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
ताजा मामला 8 अप्रैल का है, जब चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय महिला की सोने की चैन पार कर दी गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध महिलाएं वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दीं।
ट्रैप कर पकड़ा गया गिरोह
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध इनोवा वाहन को पकड़ा। वाहन में सवार 7 महिलाएं और 1 पुरुष पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से – 10,500 रुपये नगद,1 सोने की चैन,1 कटर,4 मोबाइल फोन इनोवा वाहन (MP/09/BP/1064) सहित कुल करीब 11.30 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ रायपुर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डीडी नगर थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
अन्य राज्यों में भी सक्रिय
पूछताछ में आरोपियों ने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में इसी तरह की घटनाएं करने की बात कबूली है।पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।



