रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन और पट्टी के जरिए सट्टा संचालित करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.05 लाख रुपये नगद सहित कुल करीब 13 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
यह भी पढ़े :- इंटरस्टेट चैन स्नैचर गैंग का भंडाफोड़! 7 महिलाएं सहित 8 लोग गिरफ्तार
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा गुढ़ियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
ओवरब्रिज के नीचे चल रहा था सट्टा
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुढियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर राजा साहू और अभय साहू को पकड़ा। उनके मोबाइल की जांच में “Cribet99” नामक ऑनलाइन बैटिंग साइट के जरिए सट्टा संचालित करना सामने आया। आरोपी मोबाइल कॉलिंग के जरिए क्रिकेट मैचों में हार-जीत और सेशन पर दांव लगवा रहे थे।
नेटवर्क का खुलासा, 4 और आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा के नाम सामने आए। पुलिस ने इनके ठिकानों पर दबिश देकर चारों को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टे के साथ-साथ पट्टी के जरिए भी सट्टा चला रहे थे और आईडी बेचकर अवैध कमाई कर रहे थे।
हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
गिरफ्तार आरोपी मंजीत सिंह थाना गुढियारी का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट सहित करीब दो दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,05,238 रुपये नगद,8 मोबाइल फोन,सट्टा पट्टी कैलकुलेटर और पेन जब्त किए हैं।
मामला दर्ज, जांच जारी
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गुढियारी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।



