दुर्ग: जिले के धमधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दनिया (बोरी) में दो लंगूरों की एयरगन से हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि गांव के निवासी अजय पटेल ने एयरगन से दो लंगूरों पर गोली चलाई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी को संदेह था कि लंगूर उसकी चना फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी आशंका के चलते उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद एक लंगूर के शव को जमीन में दफना दिया गया, जबकि दूसरे को खुले में छोड़ दिया गया, जिसे बाद में कुत्तों ने नोच लिया।
मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही घटनास्थल से एयरगन और एक लंगूर का शव भी बरामद किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृत लंगूर हनुमान लंगूर प्रजाति के थे, जो वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-2 में संरक्षित हैं। इस प्रजाति का शिकार करना दंडनीय अपराध है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि दोनों लंगूरों की मौत एयरगन के छर्रों से हुई। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ अधिनियम की धारा 9, 39 और 51 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी को 21 अप्रैल तक जेल भेजा गया है।



