रायपुर, 08 अप्रैल। Highway Expansion in CG : छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। लोक निर्माण विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में 15 फोरलेन सड़कों के निर्माण के लिए 708 करोड़ 21 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इस परियोजना के तहत कुल 90.5 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि फोरलेन सड़कों के विस्तार से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति को भी मजबूती मिलेगी। इससे कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
किन जिलों में होगा निर्माण
परियोजना के तहत दुर्ग, रायगढ़, रायपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, जशपुर और कबीरधाम समेत कई जिलों में सड़कें बनाई जाएंगी।
प्रमुख प्रोजेक्ट्स
- दुर्ग में स्मृति नगर से IIT जेवरा-सिरसा तक 7 किमी फोरलेन
- रायगढ़ में तमनार फोरलेन बायपास (6 किमी)
- रायपुर में अभनपुर NH-30 अपग्रेड (2.8 किमी)
- अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किमी चौड़ीकरण
- बिलासपुर में कोनी-मोपका 13.4 किमी बायपास
क्या होगा फायदा
जाम से राहत और यात्रा समय में कमी। सड़क सुरक्षा में सुधार। व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा। ग्रामीण और शहरी कनेक्टिविटी मजबूत। सरकार का कहना है कि यह निवेश सिर्फ सड़क निर्माण (Highway Expansion in CG) तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के संतुलित और तेज विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।



