रायपुर/मुंगेली, 08 अप्रैल। Doctor Saves Child : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की सतर्कता और त्वरित इलाज से 3 वर्षीय मासूम की जान बचा ली गई। बच्ची के गले में फंसा सिक्का सफल ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित निकाल लिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि मुंगेली विकासखंड के ग्राम कोसमतरा निवासी 3 वर्षीय हिमांशी साहू ने खेल-खेल में सिक्का निगल लिया, जो उसकी आहार नली में फंस गया। परिजन तुरंत बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक्स-रे जांच में सिक्के के फंसे होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने बिना देरी किए एंडोस्कोपिक तकनीक (दूरबीन विधि) का इस्तेमाल कर ऑपरेशन किया और सिक्के को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सिविल सर्जन डॉ. एम.के. राय के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है और खतरे से बाहर है।
इस सफल ऑपरेशन में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कमलेश सत्यपाल, एनेस्थीसिया (Doctor Saves Child) विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार बेलदार और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु ध्रुव सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। बच्ची के परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।



