रायपुर: भाजपा के चंपारण मंडल में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान कार्यक्रम के दौरान अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू के बयान से राजनीतिक हलचल तेज हो गई। कार्यक्रम में विधायक ने कुछ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को “गद्दार” कह दिया, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़े :- ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस की सख्ती, एक रात में 129 चालक पकड़े
जानकारी के अनुसार, भिलाई गांव में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में गद्दारी करने वाले लोग आज पार्टी में सक्रिय हैं और कुछ लोग एजेंट बनकर चुनाव हराने का काम करते रहे हैं।
विधायक के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। विरोध बढ़ने पर माहौल गर्म हो गया और तीखी बहस के साथ कुछ समय के लिए हाथापाई जैसी स्थिति भी बन गई। वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।
माना जा रहा है कि यह बयान हाल ही में जिला पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद चल रही अंदरूनी चर्चा के बीच आया है। घटना के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी और असंतोष की चर्चा फिर तेज हो गई है।
राजनीतिक जानकार इसे संगठन के भीतर बढ़ते मतभेद का संकेत मान रहे हैं। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले में क्या रुख अपनाता है।



