रायपुर: अभनपुर क्षेत्र में हुए चर्चित नितेश बत्रा हत्याकांड का खुलासा आज किया जाएगा। अभनपुर पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी।
यह भी पढ़े :- स्कॉर्पियो और ट्रेलर की टक्कर में 1 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार, शदाणी दरबार आवासीय परिसर में रहने वाला नितेश बत्रा मूल रूप से पाकिस्तान का निवासी था। करीब पखवाड़े भर पहले उसकी लाश अभनपुर इलाके में जमीन के भीतर दफन अवस्था में मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि नितेश की मौत जमीन में गाड़े जाने के कारण दम घुटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम त्रिकोण (लव ट्राएंगल) की वजह थी। पुलिस ने इस मामले में प्रयागराज से एक युवक और युवती को हिरासत में लिया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को स्थानीय स्तर पर पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गए थे, जबकि उनके साथी इलाके में रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। अब तक सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले का विस्तृत खुलासा Raipur ग्रामीण पुलिस अधीक्षक द्वारा आज शाम 4 बजे किया जाएगा, जिसमें घटना की पूरी साजिश और घटनाक्रम सामने आने की उम्मीद है।



