कोरबा जिले (Korba Accident) के तरदा भारतमाला मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कॉर्पियो और ट्रेलर में जबरदस्त टक्कर के कारण स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़े :- भूपेश बघेल पर अरुण साव का हमला, बोले- “नक्सलवाद खत्म नहीं होने देना चाहते थे”
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल बचाने के लिए वाहन में फंसे लोगों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को गंभीर स्थिति के कारण रायपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। हादसा तब हुआ जब तरदा के पास स्कॉर्पियो और एक ट्रेलर में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव की मौत हुई, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव के निवासी थे। घायल में 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (रायपुर) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (सेमरा, धमतरी) शामिल हैं। (Korba Accident)
बताया गया है कि रायपुर की निजी कंपनी का कार्य कोरबा में भी चल रहा था, और दो डंपर वाहन को रायपुर से कोरबा शिफ्ट किया जा रहा था। मृतक अरुण कुमार यादव पिछले दो सालों से कंपनी में काम कर रहे थे और छुट्टी में अपने गृहग्राम जाते थे। उनकी शादी को तीन साल हुए थे और एक छोटा बच्चा है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन झारखंड से देर रात कोरबा के लिए रवाना हुए। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मौके पर तुरंत कार्रवाई की गई और घायलों को अस्पताल भेजा गया, जबकि आगे की कानूनी और जांच कार्रवाई जारी है। (Korba Accident)



