रायपुर। राजधानी के गंज इलाके में अवैध शराब और जुआ का बड़ा नेटवर्क चलाने वाले आरोपी दीपक मुदलियार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के निर्देश पर उसे जेल भेज दिया गया है। क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को उस समय पकड़ा गया, जब वह गिरफ्तारी से बचने के लिए चुपचाप कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था।
यह भी पढ़े :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को माल भाड़े से 30,000 करोड़ से अधिक राजस्व की प्राप्ती
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुदलियार कानूनी शिकंजे से बचने के लिए सरेंडर की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर एसीपी कोतवाली के नेतृत्व में टीम ने कोर्ट परिसर के आसपास सादे कपड़ों में घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया।
बोरी में भरकर बेची जाती थी शराब
जांच में सामने आया है कि दीपक मुदलियार गंज इलाके में अवैध शराब तस्करी और जुआ का बड़ा सिंडिकेट संचालित करता था। उसके नेटवर्क के जरिए बोरी में भरकर शराब की सप्लाई की जाती थी। इलाके में दहशत बनाए रखने के लिए वह लोगों को धमकाने समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
स्थानीय संरक्षण से चल रहा था नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को कुछ स्थानीय नेताओं का संरक्षण भी प्राप्त था, जिसके चलते वह लंबे समय से बेखौफ होकर अवैध कारोबार चला रहा था।
व्यापारी की शिकायत से खुला मामला
गंज मंडी के कारोबारी समीर खान से विवाद के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। आरोपी के गुर्गों ने दुकानदार के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद शिकायत पुलिस तक पहुंची। शुरुआती कार्रवाई में कुछ लोगों को पकड़ा गया, लेकिन मुदलियार फरार हो गया था।
दबिश में मिली भारी मात्रा में शराब
शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। हालांकि, वह उस समय भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
लगातार तलाश के बाद आखिरकार सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



