रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फव्हारा चौक के पास सार्वजनिक जगह में हुई जानलेवा चाकू से हमला मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तत्काल और सख्त कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटर साइकिल सहित कुल 4 वाहन जप्त किए गए हैं।
थाना सिटी कोतवाली के अंतर्गत दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, हरा सोनू उर्फ मोहम्मद आदिल रजा (34) ने आपसी छींटाकशी के चलते बटन चाकू से पीड़ित पर हमला किया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हुआ और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। आरोपी तुरंत फरार हो गया, लेकिन थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर की टीम ने सक्रिय सूचना तंत्र और मुखबिर नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए उसे 12 घंटे में धर-दबोचा।
जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी को भागने और छिपाने में अन्य सहयोगियों ने जानबूझकर सहायता प्रदान की। आरोपियों मोहम्मद अदनान (22), सागर नगरारे (39) और उबैद रजा उर्फ इल्ला (19) को भी गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई।
फरार अपराधियों और सहयोगियों के विरुद्ध यह कदम यह संदेश देता है कि अपराध में मदद करने वाले भी कानून के तहत जिम्मेदार होंगे।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त चाकू और भागने के लिए इस्तेमाल की गई 4 मोटर साइकिल बरामद कर ली गई हैं। आरोपी और उनके सहयोगियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है, और जिनके खिलाफ इतिहास पाया जाएगा, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी सेंट्रल जोन का सख्त संदेश:
“रायपुर में चाकूबाजी, हथियारों का प्रदर्शन और अपराधियों को आश्रय देने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधी चाहे मुख्य आरोपी हों या उनकी मदद करने वाले, सभी के खिलाफ कानून की पूरी ताकत से कार्रवाई की जाएगी।”
गिरफ्तार आरोपी:
हरा सोनू उर्फ मोहम्मद आदिल रजा, पिता मोहम्मद निजबुल हक, 34 वर्ष, नई बस्ती राजातालाब
मोहम्मद अदनान, पिता कमर एजाज खान, 22 वर्ष, बैजनाथ पारा
सागर नगरारे, पिता राजू नगरारे, 39 वर्ष, चंदनडीह
उबैद रजा उर्फ इल्ला, पिता नईम रजा, 19 वर्ष, बैजनाथ पारा



