रायपुर। राजधानी के मोवा स्थित आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय में कक्षा के भीतर छात्रों द्वारा चाकू लहराने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल तीन अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
थाना पंडरी पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि वीडियो में चाकू दिखाने वाला छात्र सुशांत प्रधान (19 वर्ष), पिता सुशील प्रधान, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी सड्डू, कक्षा 12वीं का छात्र है। बताया गया कि वह करीब एक माह पहले चाकू स्कूल लेकर आया था और कक्षा में अपने दोस्तों को दिखाया था। इसी दौरान उसके साथ मौजूद अन्य छात्रों ने चाकू लेकर वीडियो बनाया, जो बाद में वायरल हो गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्कूल में अवैध रूप से चाकू लाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
वीडियो में दिख रहे तीन अन्य छात्र नाबालिग हैं और उनकी भूमिका गौण पाई गई है। इसलिए उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की बजाय सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।




