रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 07 फरवरी को बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जगदलपुर प्रवास पर रहेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास के मद्देनज़र मुख्य सचिव विकास शील ने आज मंत्रालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम आयोजन एवं संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन, प्रोटोकॉल सहित सभी आवश्यक इंतजामों को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही रायपुर कलेक्टर को भी आवश्यक समन्वय और व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जनसंपर्क एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



