जगदलपुर। एनएमडीसी की वादाखिलाफी को लेकर बस्तर में जन असंतोष बढ़ता जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी बस्तर ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और एनएमडीसी ने लोगों के अधिकारों का सम्मान नहीं किया, तो वे सड़कों पर उतरेंगे।
कांग्रेस का आरोप है कि एनएमडीसी और सरकार की मिलीभगत से बस्तरवासियों के साथ खुला धोखा किया जा रहा है। पार्टी ने एनएमडीसी के निजीकरण को रोकने, बस्तरवासियों को नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने, प्रभावित गांवों में पानी, बिजली, सड़क और विकास कार्य के लिए सीएसआर मद से राशि देने, प्रदूषण पर रोक लगाने, मुफ्त इलाज और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल खोलने सहित कई मांगें रखीं।
इसके अलावा कांग्रेस ने शिक्षा और रोजगार के लिए आवासीय स्कूल और आईटीआई/स्किल ट्रेनिंग, ठेका प्रथा खत्म करने, खेल अकादमी के लिए जमीन आरक्षित करने, किसानों को मुआवज़ा देने और नगरनार-जगदलपुर सड़क सुधारने जैसी मांगें भी सरकार से की हैं।



