नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। नामांकन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण की ओर से जारी प्रेस वक्तव्य में इसकी औपचारिक घोषणा की गई।
यह भी पढ़े :- पूर्व एडिशनल एसपी पर धमकी और पैसे मांगने का आरोप
प्रेस वक्तव्य के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नाम प्रस्तावित हुआ था। उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया। सभी नामांकन पत्रों की जांच के बाद उन्हें वैध पाया गया।
पीएम मोदी भी प्रस्तावकों में शामिल
नितिन नबीन की उम्मीदवारी के प्रस्तावकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम भी शामिल रहा। इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी की मौजूदगी में उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया।

37 सेट नामांकन पत्र प्राप्त
सोमवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। इस दौरान नितिन नबीन के पक्ष में नामांकन पत्रों के कुल 37 सेट प्राप्त हुए। किसी अन्य प्रत्याशी का नामांकन नहीं आने के कारण उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई थी। 16 जनवरी को चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना और मतदाता सूची जारी की गई थी। भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है।



