रिपोर्टर – नसीम खान
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मैनपाट स्थित एक सरकारी स्कूल में पदस्थ शिक्षक ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में धुत पाया गया।
यह भी पढ़े :- बड़ी खबर : छत्तीसगढ़ में रातों-रात 27 लाख मतदाता सूची से बाहर…2.74 लाख नए लोगों ने किया आवेदन…जानें पूरा मामला
मामले का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। कैमरे के सामने शिक्षक ने खुद स्वीकार किया कि उसने लंच ब्रेक के दौरान शराब पी और इसके बाद बच्चों को पढ़ाने कक्षा में पहुंचा।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि स्कूल के मासूम बच्चों ने भी शिक्षक की पोल खोल दी। बच्चों का कहना है कि संबंधित शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आता है।
घटना की सूचना तत्काल शिक्षा विभाग को दी गई। शिक्षक ने फोन पर भी अपनी गलती स्वीकार की। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि संबंधित शिक्षक को पहले भी चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन सुधार नहीं हुआ। अब मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया की मौजूदगी में शिक्षक को उठक-बैठक करते हुए और हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भी देखा गया।
इस घटना ने नौनिहालों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते सरकारी शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।



