रायपुर: रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में हैं। लगातार तीसरे दिन सुबह 8:00 बजे से अपने विधानसभा क्षेत्र के सघन निरीक्षण पर निकले मूणत ने आज सरोना और चंदनडीह क्षेत्र में विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, आयुक्त विश्वदीप, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़े :- मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन, 10 जनवरी से “मनरेगा बचाओ संग्राम” की शुरुआत
खारून के प्रदूषण पर बरसे मूणत; अधिकारियों को सख्त चेतावनी:
चंदनडीह में 80 करोड़ रुपये की लागत से बने एसटीपी (STP) प्लांट के निरीक्षण के दौरान मूणत तब बेहद नाराज हो गए, जब उन्हें पता चला कि ‘चिंगरी नाला’ का गंदा और बदबूदार पानी सीधे पवित्र खारून नदी में मिल रहा है। अधिकारियों की अदूरदर्शिता पर फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा, “करोड़ों की लागत से एसटीपी प्लांट बनाने का क्या औचित्य, जब नाले का दूषित पानी नदी में मिल रहा है? आपकी हठधर्मिता का खामियाजा जनता क्यों भुगते?
मूणत ने अधिकारियों को 5 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि चिंगरी नाले के पानी के शुद्धीकरण हेतु तत्काल प्लान तैयार करें। उन्होंने दो टूक कहा कि राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी, वे स्वयं मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से बजट स्वीकृत कराएंगे, लेकिन जनता को शुद्ध जल मिलना ही चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हेतु शासन को अनुशंसा करने की चेतावनी भी उन्होंने दी।
सरोना को सौगात: ₹9 करोड़ का उद्यान और नया बायपास रोड:
अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत भारत सरकार से स्वीकृत 9 करोड़ रुपये की राशि से बनने वाले भव्य उद्यान के लिए मूणत ने सरोना स्थित शीतला मंदिर के पीछे रिक्त भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही राजस्व अधिकारियों और पटवारी को सीमांकन कर लेआउट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही, सरोना बस्ती में ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए विधायक ने चंदनडीह से सरोना होते हुए महादेव घाट तक एक नए ‘बायपास रोड’ के निर्माण हेतु बजट में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। ट्रेंचिंग ग्राउंड की सफाई का अवलोकन करते हुए उन्होंने आयुक्त को निर्देश दिया कि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी की घोषणा के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण होना चाहिए।
विधायक राजेश मूणत का बयान-
”मेरा संकल्प ‘स्वच्छ और स्वस्थ पश्चिम’ है। नगर निगम की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए और प्रदूषण मुक्त वातावरण दे। अधिकारियों की लापरवाही के कारण यदि पवित्र खारून नदी प्रदूषित होती है या जनता के स्वास्थ्य पर कोई संकट आता है, तो मैं चुप नहीं बैठूंगा। विकास कार्यों में अदूरदर्शिता और सरकारी धन का दुरुपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिस्टम को सुधरना होगा, अन्यथा जवाबदेही तय होगी।
उपस्थिति:
निरीक्षण के दौरान महापौर मीनल चौबे, आयुक्त विश्वदीप, जोन अधिकारी, मुख्यालय की योजना शाखा के अधिकारी, भू-राजस्व निरीक्षक, पटवारी और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अभियंता एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



