रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत द्वारा जमानत मंजूर किए जाने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होते ही उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया।
चैतन्य बघेल की रिहाई की खबर मिलते ही रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया, जिससे परिसर के बाहर उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस दौरान मौजूद रहे।
भूपेश बघेल ने जताई खुशी
बेटे की रिहाई पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा,
“18 जुलाई को मेरे बेटे को उसके जन्मदिन पर गिरफ्तार किया गया था और आज मेरे पोते के जन्मदिन पर उसकी रिहाई हो रही है। सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं हो सकता।”
उन्होंने आगे कहा कि अदालत के फैसले का अध्ययन करने से स्पष्ट होता है कि ED द्वारा PMLA कानून का दुरुपयोग किया गया है और इस मामले में EOW की भूमिका पर भी सवाल उठते हैं।



