बलरामपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक ट्रक से करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य का 1198 किलो गांजा बरामद किया है।
इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो मादक पदार्थ को ओडिशा से राजस्थान ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है। इस पर 28 दिसंबर की रात सरहदी इलाके में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में रखी नारियल की भूसी के नीचे छिपाकर रखे 40 पैकेट गांजा बरामद किया गया।
जब्त गांजे का कुल वजन 1198.460 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ 99 लाख रुपये है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में अमरीश कुमार (23 वर्ष) और मनीष कुमार (20 वर्ष), दोनों निवासी उत्तर प्रदेश, सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 228/2025 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें अवैध रूप से गांजा तस्करी का खुलासा हुआ है। पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस द्वारा इंड-टू-इंड कार्रवाई की जा रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।



