रायपुर। छत्तीसगढ़ में अधिकारी–कर्मचारी फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कल से तीन दिन की हड़ताल शुरू होने जा रही है। इसी बीच डिप्टी सीएम अरुण साव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में लगातार काम कर रही है। समस्याओं का समय पर समाधान किया जा रहा है और नई भर्तियों की प्रक्रिया भी जारी है। ऐसे में आंदोलन की बजाय बातचीत से समाधान खोजा जाना चाहिए।
125 दिन रोजगार योजना पर कांग्रेस को घबराहट — साव
अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अटल निवास में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि जब भी देश में कोई बड़ा सुधार या राष्ट्रहित का फैसला होता है, कांग्रेस को परेशानी होती है। मोदी सरकार की विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत अब लोगों को 100 की बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा। यह योजना आम जनता के लिए अधिक उपयोगी व कारगर साबित होगी, इसलिए कांग्रेस बौखलाई हुई है।
“कांग्रेस सनातन विरोधी, धीरेन्द्र शास्त्री को देख घबरा रही”
दुर्ग में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की कथा को लेकर राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए डिप्टी सीएम साव ने कहा कि कांग्रेस अब घोषित रूप से सनातन विरोधी बन चुकी है। धीरेन्द्र शास्त्री के प्रति जनता की आस्था देखकर कांग्रेसियों में घबराहट है। साधु–संत धर्म की चर्चा और प्रचार करने आते हैं, लेकिन कांग्रेस नहीं चाहती कि सनातन मजबूत हो। उनका काम हमेशा समाज को बांटना रहा है।
रायगढ़ मामले की जांच होगी — डिप्टी सीएम
रायगढ़ में हाल में हुई घटना पर उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी को शांतिपूर्वक अपनी बात रखने का अधिकार है।



