दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री टीएस बाबा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुगलों को लेकर दिए गए बयान का समर्थन करते हुए कहा है कि मुगलों की संख्या इतिहास में बहुत कम थी और वे कभी भी अपने धर्म का जबरन विस्तार नहीं कर सकते थे।
यह भी पढ़े :- Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट के वंडर बॉय को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
टीएस बाबा आज भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव से मिलने उनके सेक्टर-5 स्थित निवास पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता में शासक वर्ग हमेशा सीमित संख्या में रहा और समाज में संबंध अपने ही समुदाय के भीतर बने। उन्होंने जोर देकर कहा कि धर्म के नाम पर जबरदस्ती का कोई उदाहरण इतिहास में नहीं मिलता।
पूर्व डिप्टी सीएम ने सम्राट अशोक और गौतम बुद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि हिंदू परंपरा में कभी किसी पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव नहीं डाला गया। उन्होंने सरगुजा रियासत का हवाला देते हुए कहा कि वहां मुसलमानों की संख्या कम थी और हिंदू पूरी तरह सुरक्षित थे।
टीएस बाबा ने कुछ धर्मगुरुओं और राजनीतिक ताकतों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे लोगों की भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, जो समाज के हित में नहीं है।



