गुवाहाटी। असम में ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई है।
यह भी पढ़े :- 108 कुंडीय विश्व कल्याण गायत्री महायज्ञ का सिलघट में भव्य 4 दिवसीय आयोजन
स्थानीय लोगों और वन विभाग के मुताबिक, यह आठ हाथियों का झुंड था, जिनमें से अधिकांश की मौत हो गई। हादसा उस स्थान पर हुआ जहाँ हाथियों का गलियारा नहीं है। लोको पायलट ने हाथियों को देखकर आपातकालीन ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रेन तब भी टकरा गई। हादसे में हाथियों का एक छोटा बच्चा घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।

रेल की पटरी पर बिखरे शवों के कारण पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में रेल सेवाएं फिलहाल बाधित हैं। ऊपरी असम और आसपास के क्षेत्रों के लिए ट्रेनों को डायवर्ट कर यूपी लाइन से चलाया जा रहा है।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन के यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के बाद प्रभावित डिब्बों को अलग किया गया है। गुवाहाटी में यात्रियों को अन्य डिब्बों में समायोजित किया जाएगा और ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे जोड़कर यात्रा फिर से शुरू की जाएगी।
रेलवे और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और पटरी की मरम्मत व बचाव कार्य जारी हैं।



