दंतेवाड़ा। सुकमा जिले में पदस्थ DSP तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 19 दिसंबर की है, जब DSP कोर्ट संबंधी कार्य से सुकमा से दंतेवाड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान बीच शहर में एक महिला ने अपने पुरुष साथी के साथ मिलकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में DSP गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़े :- भ्रामक वीडियो से चरित्र हनन का आरोप, विधायक पुरंदर मिश्रा पहुंचे एसपी के पास
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला दुर्ग जिले की निवासी है और कथित रूप से उसने करीब 400 किलोमीटर का सफर तय कर DSP पर हमला करने की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि यही महिला करीब एक वर्ष पहले DSP तोमेश वर्मा पर दुष्कर्म का आरोप लगा चुकी है। महिला पहले से शादीशुदा है और उसने दुर्ग जिले के मोहननगर थाना में इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी।
हमले की पूरी वारदात
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला और उसका साथी रिटायर्ड फौजी रमाशंकर साहू (निवासी दुर्ग) एक दिन पहले ही दुर्ग से लगभग 395 किलोमीटर दूर सुकमा पहुंचे थे, जहां DSP की गतिविधियों की रेकी की गई।
19 दिसंबर को जब DSP सुकमा से करीब 80 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा कोर्ट में पेशी के लिए आए, तब आरोपी भी उनके पीछे-पीछे दंतेवाड़ा पहुंच गए।
बीच शहर में एक बाइक शोरूम के पास महिला सबसे पहले DSP के पास पहुंची और बातचीत करने की कोशिश की। इसी दौरान मौका पाकर महिला के साथी रमाशंकर साहू ने पीछे से DSP के गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में DSP को गंभीर चोट आई।
घायल अवस्था में DSP ने दिखाई बहादुरी
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद DSP तोमेश वर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को पकड़कर जमीन पर पटक दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
मामला दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने महिला और उसके साथी दोनों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। DSP का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



