बीजापुर। नक्सलवाद पर लगाम कसने की कार्रवाई में सुरक्षाबल अब बीजापुर जिले के सबसे कठिन इलाके में घुस चुके हैं। सुकमा के बाद अब भैरामगढ़–इंद्रावती के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों को चारों तरफ से घेर लिया गया है। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान शुक्रवार सुबह से लगातार दूसरे दिन नक्सलियों के साथ रुक-रुककर गोलीबारी कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, भैरामगढ़–इंद्रावती क्षेत्र में माओवादियों की बड़ी संख्या मौजूद होने की विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर बीजापुर से डीआरजी की विशेष टीम को तुरंत रवाना किया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों से सीधा सामना होने पर मुठभेड़ शुरू हो गई, जो शुक्रवार की सुबह से अब तक जारी है।
गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले गुरुवार को इसी जिले के गोलापल्ली जंगल में डीआरजी जवानों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए तीनों नक्सली किस्टाराम एरिया कमेटी के महत्वपूर्ण सदस्य थे। इनमें शामिल हैं माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत (एरिया कमेटी मेंबर) सोधी बंदी (एसीएम) नुप्पो बाजनी (महिला एसीएम) फिलहाल भैरामगढ़–इंद्रावती क्षेत्र में ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है।
इलाके में अतिरिक्त डीआरजी और सीआरपीएफ की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। सुरक्षाबल का दावा है कि इस ऑपरेशन से नक्सली कमेटी की कमर टूटने वाली है।



