रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन आज सदन में प्रश्नकाल के दौरान पांच मंत्री विधायकों के सवालों का जवाब देंगे। प्रश्नकाल के दौरान सदन के हंगामेदार रहने के आसार हैं।
यह भी पढ़े :- पंचांग : शुभ कार्य रुके तो क्या हुआ? खरमास के दौरान ऐसे करें सूर्य देव को प्रसन्न, मिलेगा दोगुना फल
आज प्रश्नकाल में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल संबंधित विभागों से जुड़े सवालों पर सरकार की ओर से जवाब प्रस्तुत करेंगे।
प्रश्नकाल में बीपीएल कार्ड, सड़क निर्माण, लोक न्यासों की भूमि और स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी पेश होंगे
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत विधायक अजय चंद्राकर, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और धर्मजीत सिंह उद्योगों में अव्यवस्था, कुप्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर श्रम मंत्री का ध्यान आकृष्ट करेंगे। वहीं विधायक अंबिका मरकाम नगरी विकासखंड के स्कूलों की जर्जर हालत को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगी।
अनुपूरक बजट पर भी होगी चर्चा
आज सदन में 35 हजार करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट पर भी चर्चा होगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विनियोग विधेयक सदन में प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष लोक लेखा समिति का 33वां प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे।



