रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्कूलों और कॉलेजों में लगाए गए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और डिस्पोजल इंसीनरेटर मशीनों को लेकर गंभीर सवाल उठे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक ने महिला एवं बाल विकास विभाग से जनवरी 2020 से दिसंबर 2023 की अवधि में मशीनों की स्थापना, एजेंसी चयन, सत्यापन और भुगतान से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी।
धरमलाल कौशिक ने पूछा कि किन जिलों के किन स्कूलों और कॉलेजों में मशीनें लगाई गईं, कार्य किस एजेंसी को सौंपा गया, कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा क्या रही, सत्यापन कब और किस समिति द्वारा किया गया तथा निर्धारित समय में काम पूरा न करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई।
मंत्री का जवाब
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सदन को बताया कि संबंधित अवधि में विभाग द्वारा कोई निविदा जारी नहीं की गई। मशीनों की खरीदी छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CSIDC) द्वारा किए गए दर अनुबंध के आधार पर की गई।



