कोरबा। दशहरा उत्सव के दौरान डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में 22 वर्षीय युवक राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल का बिट्टू चौहान से विवाद हुआ था। आरोप है कि डांस के दौरान राहुल ने बिट्टू को धक्का देने के बाद थप्पड़ मार दिया। विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे बिट्टू के दोस्त विजय चौहान के साथ भी मारपीट हुई।
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने राहुल को दशहरा मैदान से पीछे की गली की ओर ले गए। वहां बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी ने राहुल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में राहुल को कई वार लगे और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद राहुल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई तेज कर दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
एएसपी लखन पटले के अनुसार, पुलिस ने हत्या के मामले में बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। वहीं, घटना में शामिल चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद उनका अर्धमुंडन कर जुलूस भी निकाला। इधर, घटना से जुड़ा लाइव वीडियो सामने आने के बाद मामले की चर्चा और तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि मंत्री लखन लाल देवांगन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले ही यह वारदात हुई। दशहरा जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजन के दौरान युवक की हत्या ने आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी है।




