कबीरधाम/रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्राम अंधरीकछार, बोरिया और महली में उन्होंने जमीन पर बैठकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन, मंच और अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की गई। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों पर जोर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वनांचल गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से उनकी जरूरतों, मांगों और शिकायतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं की जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से गांवों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
अंधरीकछार, बोरिया और महली में इन कार्यों की घोषणा
दौरे के दौरान विभिन्न गांवों में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के पास सामुदायिक सुविधाओं और अन्य सार्वजनिक कार्यों के लिए राशि की घोषणा की गई।
ग्राम अंधरीकछार में घोषित कार्य:
- 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण।
- 2.60 लाख रुपये की लागत से धरसा मार्ग।
- महामाया मंदिर के लिए 5 लाख रुपये।
- 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण।
- 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण।
- समतलीकरण कार्य के लिए 1 लाख रुपये।
ग्राम बोरिया में घोषित कार्य:
- 10 लाख रुपये की लागत से खाद गोदाम।
- 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क।
- महादेव मंदिर में 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण।
- प्राथमिक शाला भवन के पास 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क।
ग्राम कापा और सिरमी में विकास कार्य:
ग्राम कापा में 6 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण की घोषणा की गई। वहीं, ग्राम सिरमी में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क बनाई जाएगी।
ग्राम महली में घोषित कार्य:
- 2.50 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण।
- बूढ़ा देव के पास 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन।
- 5.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क।
- 5 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण।
- महामाया मंदिर के पास 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन।
तीन गांवों में 427 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत
जनचौपाल के दौरान विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि ग्राम अंधरीकछार में 163, बोरिया में 128 और अचानकपुर में 136 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इस तरह तीनों गांवों में कुल 427 प्रधानमंत्री आवास मंजूर किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को जल्द पक्के मकान का लाभ मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
गन्ना किसानों को मिलेगा शक्कर कारखाने का लाभांश
ग्रामीणों से संवाद के दौरान विजय शर्मा ने किसानों के हित में राज्य सरकार की पहल की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इससे गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री के अनुसार, भोरमदेव शक्कर कारखाने ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का गौरव हासिल किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार गन्ना किसानों को शक्कर कारखाने से लाभांश राशि मिलने जा रही है। इसे किसानों की मेहनत और कारखाने के बेहतर प्रदर्शन का परिणाम बताया।
मां जगदंबा की पूजा कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
दौरे के दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बोरिया में आदि शक्ति मां जगदंबा की पूजा-अर्चना की और कबीरधाम जिले सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की जरूरतों और विकास कार्यों पर चर्चा की। इसके बाद वे ग्राम भलपहरी, अचानकपुर और बोइरकछरा में जनसंपर्क के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कांशीराम उइके, अमित वर्मा, रूप सिंह धुर्वे, रामकिंकर वर्मा, बैगा समाज के प्रदेशाध्यक्ष मोती बैगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




