संगरूर। पंजाब के संगरूर जिले में लहरागागा-जाखल रोड पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार ने सड़क पर काम कर रहे मनरेगा मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में आठ मजदूरों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय मौके पर करीब 23 महिला और पुरुष मजदूर काम कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर सड़क किनारे काम कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी ओर आ गई और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में मदद की।
पुलिस ने शुरू की जांच, घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी बताया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
कांग्रेस नेता राजा वडिंग ने जताया दुख
हादसे पर कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लहरागागा में हुई यह घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है। उन्होंने मजदूरों की मौत पर शोक जताते हुए घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
राजा वडिंग ने प्रशासन से हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मृतकों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की भी अपील की। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायल मजदूरों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
हादसे ने सड़क पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और प्रशासन की ओर से मिलने वाली आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।




