कोरबा। सोशल मीडिया पर वायरल होने और सुर्खियां बटोरने की चाह में सड़क पर खतरनाक स्टंट करना लोगों की जान जोखिम में डाल सकता है। छत्तीसगढ़ के कोरबा में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां कुछ युवतियां चलती कार के बोनट पर लेटकर और दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गरबा के लिए सजी सड़क पर स्टंटबाजी
जानकारी के अनुसार, यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में काले रंग की कार (क्रमांक CG 12 BV 6007) पर कुछ युवतियां खतरनाक अंदाज में डांस करती दिखाई दे रही हैं। कोई कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही है, तो कोई चलती गाड़ी के दरवाजों पर लटककर डांस करती दिख रही है।
बताया जा रहा है कि सड़क गरबा आयोजन के लिए सजाई गई थी। ऐसे में सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी से न केवल कार में सवार लोगों, बल्कि आसपास मौजूद राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी साझा किया गया, जिसमें लिखा था, “Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।” हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने वाहन की पहचान कर मामले की जांच शुरू की।
वाहन मालिक की पहचान के बाद FIR
कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच की। वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की गई और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।




