रायपुर। कांग्रेस नेता को गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया जा चुका है। अब आरोपी पर कुल 15 हजार रुपए का इनाम हो गया है।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी और प्रार्थी, उसके बेटे समेत परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी।

मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज होने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान शोएब ढेबर को पकड़ा गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से जुड़े पांच आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई, जब्त किए थे।
इसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। बाद में 28 सितंबर को पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। इसके बाद से शोएब ढेबर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी के दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए इनाम घोषित किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी पुलिस ने कही है।




