रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद बुधवार को छत्तीसगढ़ लौट आए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने दौरे की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश के लिए करीब 43,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री साय के मुताबिक, एनर्जी कैपिटल ग्लोबल ने छत्तीसगढ़ में 41,750 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। वहीं एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल ने करीब 350 करोड़ रुपये और सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने सोलर सेक्टर में करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई है। सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी।
IT एजुकेशन सर्विस के साथ MOU
मुख्यमंत्री ने बताया कि दौरे के दौरान IT एजुकेशन सर्विस के साथ एमओयू भी हुआ है। उन्होंने संस्था के IT परिसर का दौरा कर वहां संचालित कौशल विकास मॉडल की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर के उद्योग प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया है।
MOU को धरातल पर उतारने का दावा
निवेश प्रस्तावों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार किसी भी समझौते को पूरी जांच-परख के बाद ही आगे बढ़ा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेश प्रस्तावों और एमओयू को धरातल पर उतारने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे प्रदेश में रोजगार के अवसर और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
सेवा ज्योति कार्यक्रम पर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री ने भाजपा के ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर पर देशभर में 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज देशवासियों को संबोधित करेंगे, जिसे सभी जिला मुख्यालयों में सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था। प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत सेवा की जो ज्योति जलाई है, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।




