रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। एक ही दिन में प्रदेश में 46 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिनमें सबसे ज्यादा मामले राजधानी रायपुर से सामने आए हैं। जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 298 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं।
रायपुर में सबसे ज्यादा संक्रमण
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में आज 19 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में इस साल अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 127 मामले दर्ज हो चुके हैं। प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में रायपुर में संक्रमण का आंकड़ा सबसे अधिक है।

इन जिलों में भी मिले नए मरीज
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बिलासपुर में 3, बलौदाबाजार में 2, बस्तर में 2, दुर्ग में 4, जांजगीर-चांपा में 1, कोंडागांव में 1, कोरबा में 3, महासमुंद में 2, मुंगेली में 1, राजनांदगांव में 2 और सरगुजा में 1 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों से आए 5 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है।
113 मरीज अभी एक्टिव
प्रदेश में फिलहाल स्वाइन फ्लू के 113 एक्टिव मरीज हैं। इनमें 32 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है, जबकि 81 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों के उपचार और निगरानी पर नजर बनाए हुए है।
अब तक मौत का आंकड़ा शून्य
स्वास्थ्य विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 8 सितंबर 2026 तक प्रदेश में कुल 298 स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि रिपोर्ट के मुताबिक अब तक स्वाइन फ्लू से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।




