रायपुर। राजधानी में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक और विधि के साथ संघर्षरत बालक को पकड़ा है। दोनों के कब्जे से चोरी की 4 दोपहिया वाहन बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग इलाकों में घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे और मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर वाहन चोरी करते थे। बरामद वाहनों में से दो के संबंध में मौदहापारा थाने में पहले से अपराध दर्ज हैं।
बिना नंबर की एक्टिवा में घूमते मिले संदिग्ध
दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर विशेष टीम लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम वाहन चोरी वाले स्थानों और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर रही थी। इसी दौरान 4 सितंबर 2026 को मौदहापारा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार दो युवक संदिग्ध नजर आए।
पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक की पहचान कुनाल सोनी (20) निवासी गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई, जबकि दूसरा विधि के साथ संघर्षरत बालक निकला।
दस्तावेज नहीं दिखा सके, पूछताछ में खुला राज
पुलिस ने एक्टिवा के संबंध में दोनों से दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने टीम को गुमराह करने की कोशिश भी की। संदेह बढ़ने पर सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों ने उक्त एक्टिवा को मौदहापारा थाना क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने मौदहापारा क्षेत्र से एक और तथा देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र से दो अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। इस तरह पुलिस ने कुल चार वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया।
1.60 लाख की 4 गाड़ियां बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार दोपहिया वाहन बरामद की हैं। इनमें—
एक्टिवा क्रमांक CG 04 DM 1180
एक्टिवा क्रमांक CG 04 LD 4393
एक्टिवा क्रमांक CG 04 LK 4092
डियो क्रमांक CG 04 NV 4386
शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद दो वाहनों के संबंध में मौदहापारा थाने में अपराध क्रमांक 124/26 और 138/26, धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत मामले दर्ज हैं।
चोरी के नेटवर्क की भी जांच
गिरफ्तार आरोपी कुनाल सोनी, पिता स्वर्गीय रविशंकर सोनी, उम्र 20 वर्ष, निवासी राम नगर-लक्ष्मण नगर गली नंबर 1, पुलिस चौकी राम नगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर है। दूसरा आरोपी विधि के साथ संघर्षरत बालक है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने और कितने वाहन चोरी किए हैं तथा चोरी के वाहनों को कहां खपाया जाता था। वाहन चोरी की अन्य घटनाओं से भी इनके संबंध की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए CCTV फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।




