रायपुर। राजधानी रायपुर में महापौर मीनल चौबे को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित आपत्तिजनक वीडियो के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर सोमा देवांगन को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उद्योग भवन के सामने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
यह भी पढ़े :- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्री राधा-कृष्ण बड़े मंदिर में की पूजा-अर्चना
आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप
मामला सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में रायपुर महापौर के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वीडियो को फेसबुक, एक पोर्टल सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि वीडियो में एक युवक द्वारा महापौर के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जबकि महिलाओं को लेकर भी कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
वीडियो के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूरे मामले की डिजिटल कड़ियों को खंगाल रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि वीडियो सबसे पहले किसने बनाया, इसका मूल स्रोत क्या था और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया।
पुलिस वीडियो के अलावा संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि वीडियो के निर्माण और प्रसारण में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
अन्य लोगों पर भी हो सकती है कार्रवाई
शिकायत में पुलिस से वीडियो तैयार करने और उसे प्रसारित करने वाले सभी लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल सोमा देवांगन को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले में तस्वीर और स्पष्ट होगी।




