बिलासपुर। अपराधियों के बीच लूट के माल के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद पुलिस के लिए बड़ी कड़ी साबित हुआ। बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास बदमाशों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान घायल हुआ एक आरोपी खुद शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस ने पूछताछ की तो लूट की वारदातों से जुड़े कथित गिरोह का खुलासा हो गया।
यह भी पढ़े :- साइबर ठगी की रकम खाते में मंगवाकर कमीशन कमाते थे आरोपी, दो म्यूल अकाउंट होल्डर गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कथित मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार, लूटे गए सोने के जेवरात, एक कार, एक बाइक और 6 मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किए जाने का दावा किया गया है।
रेलवे कर्मचारी से बैग लूटने का आरोप
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के मुताबिक, 8 जुलाई को आरोपियों ने बेलगहना रेलवे स्टेशन से कलेक्शन की रकम लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को निशाना बनाया था। आरोप है कि सलका डैम मोड़ के पास बदमाशों ने कर्मचारी को धक्का देकर गिरा दिया और उसके पास मौजूद बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 7,430 रुपये बताए गए थे।
पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि आरोपियों ने कथित तौर पर दूसरी वारदात को अंजाम दिया।
बुर्का पहनकर घर में घुसने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को आरोपियों ने राजकुमारी जायसवाल के घर को निशाना बनाया। आरोप है कि गिरोह के सदस्य बुर्का पहनकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने मारपीट की और हथियार का भय दिखाकर करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात लूट लिए।
दोनों वारदातों के बाद आरोपी कथित तौर पर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लूट के माल के बंटवारे को लेकर हुआ आपसी विवाद उनके लिए भारी पड़ गया।
एक शिकायत से खुलती चली गई पूरी कहानी
पुलिस के मुताबिक, लूट के सामान के बंटवारे को लेकर गैंग के सदस्यों में विवाद हुआ और पेट्रोल पंप के पास मारपीट हो गई। मारपीट में घायल आरोपी शिकायत दर्ज कराने खुद थाने पहुंचा। पूछताछ के दौरान पुलिस को लूट की वारदातों और अन्य आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कथित वारदातों में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया।
पुरानी वारदातों की भी जांच
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने बिलासपुर और आसपास के इलाकों में इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही आरोपियों के आपसी नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।




